लखनऊ : लोहिया अस्पताल में हंगामा, मरीज की मौत के बाद तीमारदार और डॉक्टरों में झड़प
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 17, 2026
लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज की मौत के बाद तीमारदारों और डॉक्टरों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मृतक की पहचान गुडंबा थाना क्षेत्र के रजौली अनवरी बेहटा निवासी लाल बहादुर (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से बुलेट मैकेनिक थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में गलत इंजेक्शन लगाने के कारण उनकी मौत हुई।
मृतक के साले प्रदीप के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे लाल बहादुर की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ने लगी और वे हाथ-पैर पटकने लगे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें इंजेक्शन दिया और वेंटिलेटर पर रखने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 7 बजे तक मरीज के इलाज में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इसके बाद एक और इंजेक्शन दिया गया, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई और वे अचेत हो गए। इसी के बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और वे रोने-बिलखने लगे। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टरों और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने तीमारदारों को धक्का देकर बाहर निकाल दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि तीमारदारों ने डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट की और अस्पताल में तोड़फोड़ की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल प्रशासन की शिकायत के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन