लखनऊ : लखनऊ के निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, लापरवाही के आरोप
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन योजना के एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई।मृतका की पहचान नगराम के इस्माइल नगर निवासी आशु रावत की 22 वर्षीय पत्नी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को चांदनी को डिलीवरी के लिए वृंदावन योजना स्थित कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया।परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के कुछ समय बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया और उनसे डेथ सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर भी करा लिए। लेकिन जब परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया तो अस्पताल के आईसीयू से महिला को जिंदा बाहर लाया गया।
महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत बलरामपुर अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) रेफर कर दिया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद करीब छह घंटे बाद शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे केजीएमयू में उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन