यूपी में 9 साल : योगी आदित्यनाथ ने गिनाईं इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास की उपलब्धियां
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 18, 2026
उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धियों को गिनाया। लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में यूपी ने तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क उत्तर प्रदेश के पास है। साथ ही प्रदेश के सात शहरों—लखनऊ, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और मेरठ—में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि देश की पहली रैपिड रेल सेवा दिल्ली से मेरठ के बीच शुरू हो चुकी है। इसके अलावा वाराणसी में देश का पहला रोपवे निर्माणाधीन है और वाराणसी से हल्दिया के बीच पहला इनलैंड वाटरवे भी विकसित किया गया है।
एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी प्रदेश ने बड़ी छलांग लगाई है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 मार्च को जेवर में देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों और खराब कानून व्यवस्था से होती थी, लेकिन अब प्रदेश विकास, सुशासन और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जा रहा है।
विज्ञापन