योगी आदित्यनाथ : योगी आदित्यनाथ ने 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 22, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नर्सिंग को सेवा और संवेदना से जुड़ा महत्वपूर्ण पेशा बताते हुए कहा कि जब यह भावना मरीजों के साथ जुड़ती है, तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा चयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के इस समारोह में कुल 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र के अवसर पर बड़ी संख्या में बेटियों को नियुक्ति पत्र मिलना नारी सशक्तीकरण का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए आयोग का भी आभार जताया।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले यह सोच होती थी कि मेडिकल या नर्सिंग कॉलेज खोलने से क्या लाभ होगा, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा भले महंगी हो, लेकिन नर्सिंग ऐसा क्षेत्र है जिसमें डिग्री हासिल करने के बाद रोजगार के भरपूर अवसर मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भारतीय नर्सिंग पेशेवरों की मांग सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने अपने हालिया जापान दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में नर्सिंग प्रोफेशनल्स की जरूरत है। इसके अलावा जर्मनी, कोरिया और यूरोप के कई देशों में भी भारतीय नर्सों की मांग लगातार बढ़ रही है, क्योंकि उनकी कार्यक्षमता और समर्पण पर भरोसा किया जाता है।
विज्ञापन