कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की आहट : सिद्धारमैया से पद छोड़ने के संकेत
Munesh Kumar Shukla Wed, May 27, 2026
कर्नाटक की राजनीति में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मंगलवार को कांग्रेस आलाकमान और कर्नाटक के वरिष्ठ नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर चला, जिसमें नेतृत्व परिवर्तन को लेकर गंभीर चर्चा हुई। खबर है कि पार्टी हाईकमान ने सिद्धारमैया से पद छोड़ने को कहा है।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी से मुलाकात से पहले ही सिद्धारमैया को राजनीतिक परिस्थितियों का अंदाजा हो गया था। यही वजह रही कि वे करीब एक दर्जन मंत्रियों को विशेष विमान से अपने साथ दिल्ली लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी रणनीति पहले कैबिनेट फेरबदल की मांग रखने की थी और जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ मंत्रियों के जरिए अपनी बात को मजबूती से रखने की तैयारी भी की गई थी।
हालांकि बैठक के दौरान घटनाक्रम पूरी तरह अलग दिशा में चला गया। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से राय मांगने के बजाय सीधे यह प्रस्ताव रखा कि वे राज्यसभा जाएं और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की जिम्मेदारी संभालें। साथ ही उनसे मुख्यमंत्री पद छोड़ने का संकेत भी दिया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान सिद्धारमैया को अपनी बात विस्तार से रखने का अवसर नहीं मिला।
सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा जाने के प्रस्ताव पर सिद्धारमैया ने कहा कि उनकी राष्ट्रीय राजनीति में जाने की फिलहाल कोई इच्छा नहीं है और उन्हें इस बारे में सोचने के लिए कुछ समय चाहिए। बैठक यहीं समाप्त हो गई और उनसे कहा गया कि वे अपना अंतिम फैसला कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को बता दें।
बैठक के बाद सिद्धारमैया ऊर्जा मंत्री के. जे. जॉर्ज के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अन्य मंत्रियों से चर्चा की। बताया जा रहा है कि उन्होंने मंत्रियों से कहा कि हाईकमान अपने फैसले पर कायम है और उन्हें अपनी बात पूरी तरह रखने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बेंगलुरु लौटने का फैसला किया। वहीं केसी वेणुगोपाल को भी यह संदेश भेज दिया गया कि सिद्धारमैया फिलहाल राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं हैं और वे गुरुवार तक अपना अंतिम निर्णय ले सकते हैं।
विज्ञापन