दिल्ली में नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़ : Sensodyne के नाम पर चल रहा था बड़ा फर्जीवाड़ा
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 4, 2026
दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने रोजमर्रा की जरूरी चीजों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां मशहूर ब्रांड Sensodyne के नाम पर नकली टूथपेस्ट बनाया जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सस्ते और घटिया केमिकल्स का इस्तेमाल कर नकली टूथपेस्ट तैयार कर रहे थे। इन प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग इतनी हूबहू असली जैसी की जाती थी कि आम ग्राहक आसानी से धोखा खा जाए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में सामान बरामद किया, जिसमें करीब 1800 भरी हुई नकली टूथपेस्ट ट्यूब, 10,000 से ज्यादा खाली ट्यूब, लगभग 1200 पैक्ड यूनिट, करीब 130 किलो नकली पेस्ट और निर्माण व पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें शामिल हैं। इससे साफ है कि यह पूरा रैकेट बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था।
इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में मशीनों के जरिए नकली टूथपेस्ट बनाते और पैक करते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कई यूजर्स ने रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों की गुणवत्ता पर चिंता जताई, वहीं कुछ लोगों ने सरकार से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कई लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि असली और नकली प्रोडक्ट की पहचान कैसे की जाए।
विज्ञापन