दिल्ली : दिल्ली में आतंकी साजिश का अलर्ट:सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 21, 2026
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी खतरे की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। इन सूचनाओं के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी राजधानी, खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इंटेलिजेंस नोट के अनुसार, आतंकियों की नजर लाल किला के आसपास के क्षेत्रों और घनी आबादी वाले चांदनी चौक में स्थित मंदिरों पर है। आशंका है कि इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के जरिए हमला करने की कोशिश की जा सकती है। यह साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद कथित बदले की कार्रवाई से जुड़ी बताई जा रही है। एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि देशभर के प्रमुख मंदिर संभावित निशाने पर हो सकते हैं। सुरक्षा इनपुट के बाद संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं, वाहनों की सघन जांच की जा रही है और धार्मिक स्थलों व पर्यटन स्थलों के आसपास एंटी-सैबोटाज जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अलर्ट 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुए कार बम धमाके के करीब तीन महीने बाद आया है। उस हमले में विस्फोटकों से लदी एक कार में धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। जांच में अमोनियम नाइट्रेट आधारित विस्फोटकों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई थी। जांच एजेंसियों ने कार चालक की पहचान उमर मोहम्मद उर्फ उमर उन नबी के रूप में की थी, जो फरीदाबाद से जुड़ा था। डीएनए विश्लेषण से उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई और उसे हरियाणा में सक्रिय एक बड़े आतंकी मॉड्यूल से जोड़ा गया। इससे पहले एजेंसियों ने फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद कर मॉड्यूल के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन