राजधानी : राशन व्यवस्था में बड़ा बदलाव: परिवार की बुजुर्ग महिला बनेगी कार्ड की मुखिया
Munesh Kumar Shukla Fri, Feb 13, 2026
दिल्ली, टीवी भारतवर्ष
दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। ‘दिल्ली खाद्य सुरक्षा नियम, 2026’ के तहत अब राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में परिवार के मुखिया की परिभाषा को संशोधित किया गया है। हाल ही में अधिसूचित इन नियमों का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाना बताया जा रहा है।नए प्रावधानों के अनुसार, राशन कार्ड जारी करते समय परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला सदस्य को परिवार का मुखिया माना जाएगा। सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने और परिवार में उनकी भूमिका को औपचारिक मान्यता देने की दिशा में उठाया गया है।हालांकि, नियमों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि परिवार में केवल एक ही महिला सदस्य है और उसकी आयु 18 वर्ष से कम है, तो ऐसी स्थिति में परिवार के सबसे बुजुर्ग पुरुष सदस्य को मुखिया के रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा, संशोधित नियमों में सालाना आय की सीमा और एक परिवार को जारी किए जाने वाले राशन कार्ड की संख्या से जुड़े मानकों में भी बदलाव किया गया है। सरकार का कहना है कि इन संशोधनों से पात्र लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित होगी और अपात्र लोगों को सूची से बाहर किया जा सकेगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नए नियमों के लागू होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी।
विज्ञापन