दिल्ली : दिल्ली में डिफेंस के कारोबारी को मिली जान से मारने की धमकी
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 3, 2026
डिफेंस सेक्टर से जुड़े कारोबारी साहिल लूथरा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच स्पेशल सेल को सौंप दी है। शिकायत के मुताबिक 26 फरवरी को लूथरा को दो इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आई। बताया जा रहा है कि ये कॉल पुर्तगाल और जर्मनी से किए गए थे। फोन करने वालों ने दावा किया कि पिछले साल 29–30 नवंबर की रात अमृतसर स्थित उनके घर के बाहर हुई फायरिंग में वही लोग शामिल थे और आगे भी हमला कर सकते हैं।दिल्ली पुलिस कमिश्नर ऑफिस की ओर से ईमेल के जरिए बताया गया कि मामला आगे की जांच के लिए स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया है। हालांकि, जांच जारी होने का हवाला देते हुए पुलिस ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। इस मामले में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगस्त 2025 में लूथरा से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस केस का तरीका और धमकी देने का पैटर्न उन मामलों से मिलता-जुलता है, जिनमें पहले भी हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया गया था। अमृतसर में हुई फायरिंग की घटना की जांच पहले से ही जारी है। हाल के दिनों में कई चर्चित मामलों में डराने-धमकाने के लिए घर के बाहर गोली चलाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इन मामलों के बीच कोई कड़ी है।
विज्ञापन