दिल्ली हाई कोर्ट : दिल्ली हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, बोला—राजधानी बन गई है बाल तस्करी की ‘मंडी’
Munesh Kumar Shukla Thu, Apr 2, 2026
Delhi High Court ने बुधवार को बाल तस्करी के मामलों पर गंभीर चिंता जताते हुए सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली अब बाल तस्करी की ‘मंडी’ बन चुकी है। इस मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने रेलवे, दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और National Commission for Protection of Child Rights (NCPCR) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलायंस’ की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि पूर्व के न्यायिक आदेशों के बावजूद बाल तस्करी पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। अदालत ने एनसीपीसीआर को निर्देश दिया कि वह इस मामले में ठोस कदम उठाने के लिए जरूरी आंकड़े जुटाए और सुझाव प्रस्तुत करे।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस सच्चाई को समझने के लिए याचिका पढ़ने की भी जरूरत नहीं है, बल्कि रेलवे स्टेशनों के आसपास कुछ समय बिताने से ही स्थिति साफ हो जाती है। अदालत ने यह भी माना कि विभिन्न विभागों द्वारा उठाए गए कदम पर्याप्त नहीं हैं, क्योंकि उनका सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने बताया कि 2018 से 2024 के बीच रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे परिसरों से 84,000 से अधिक बच्चों को बचाया गया है। साथ ही एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया, जिसमें आनंद विहार रेलवे स्टेशन से बचाई गई एक बच्ची को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने के बजाय कथित तौर पर तस्करों को ही सौंप दिया गया, जिसे बाद में फिर से छापेमारी में बचाया गया।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को तय की है और संबंधित एजेंसियों से विस्तृत जवाब मांगा है।
विज्ञापन