दिल्ली में STF की बड़ी कार्रवाई : मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ गिरफ्तार
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 4, 2026
देश की राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी जिले के बदरपुर इलाके में शुक्रवार देर रात की गई।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर और दानिश पहलवान गैंग का सक्रिय सदस्य सलीम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर STF ने बदरपुर में घेराबंदी कर जाल बिछाया।
जैसे ही सलीम मौके पर पहुंचा और उसने खुद को पुलिस से घिरा पाया, उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली सलीम के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और सेंधमारी जैसे 75 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह 20 से ज्यादा मामलों में वांछित था और फरार रहते हुए लगातार गैंग गतिविधियों में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक, सलीम दिल्ली के चर्चित गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या के मुख्य आरोपियों में भी शामिल रहा है और फिलहाल नासिर व दानिश पहलवान गैंग के लिए काम कर रहा था।
इस गिरफ्तारी को दिल्ली में सक्रिय अपराधी नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन