प्रधानमंत्री मोदी : प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली–मेरठ RRTS और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया
Munesh Kumar Shukla Sun, Feb 22, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली–मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के अवसर पर एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने इस परियोजना को ‘विकसित भारत’ की कनेक्टिविटी का एक बेहतरीन उदाहरण बताते हुए कहा कि अब यातायात और आधुनिक रेल परियोजनाएं समय पर पूरी हो रही हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि पहली बार एक ही प्लेटफॉर्म और एक ही ट्रैक पर ‘नमो भारत’ ट्रेन और मेट्रो दोनों संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह संकेत है कि अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती या भटकती नहीं हैं, बल्कि जो काम शुरू किया जाता है, उसे समय पर पूरा किया जाता है।पुरानी सरकारों पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले इस रूट पर शाम होते ही सन्नाटा और डर का माहौल होता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था के सुधार के कारण यात्रा पूरी तरह सुरक्षित हो गई है। उन्होंने गर्व से बताया कि ‘नमो भारत’ में ऑपरेटर से लेकर स्टेशन कंट्रोल स्टाफ तक ज्यादातर काम बेटियां ही संभाल रही हैं, जो देश में नारी शक्ति की सामर्थ्य को दर्शाता है।प्रधानमंत्री ने देश के मेट्रो नेटवर्क की प्रगति पर भी प्रकाश डाला और कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार और घोटालों की भेंट चढ़ जाते थे, लेकिन वर्तमान बीजेपी सरकार ने इस प्रवृत्ति को रोकते हुए देश को आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है।प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सराय कालेखां, आनंद विहार और गाजियाबाद जैसे स्टेशनों पर रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को एक ही स्टेशन से शहर के भीतर यात्रा और दिल्ली–मेरठ के बीच सफर करने की सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अब विकसित देश भी भारत की युवाशक्ति और विकास को देखकर हमारे साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि उनकी सरकार को उन्हें ‘भारत रत्न’ देने का सौभाग्य मिला। उन्होंने किसानों के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया और बताया कि डबल इंजन सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी के किसानों को अब तक 95 हजार करोड़ रुपये की सम्मान निधि दी जा चुकी है।प्रधानमंत्री ने उद्घाटन समारोह में जनता से संवाद करते हुए कहा कि दिल्ली–मेरठ RRTS और मेरठ मेट्रो केवल यातायात सुविधाएं नहीं हैं, बल्कि यह आधुनिक भारत और बेहतर कनेक्टिविटी का प्रतीक हैं।
विज्ञापन