राहुल गांधी के घर के बाहर BJP का हंगामा : महिला आरक्षण बिल पर सियासी संग्राम तेज
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 18, 2026
नई दिल्ली में राहुल गांधी के आवास के बाहर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक को पर्याप्त समर्थन न मिलने को लेकर किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा ने किया। इस दौरान हेमा मालिनी, मनोज तिवारी और बांसुरी स्वराज समेत कई नेता मौजूद रहे।
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि खासकर राहुल गांधी ने देश की महिलाओं के साथ “धोखा” किया है और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व के अधिकार को कमजोर किया है। वहीं, हेमा मालिनी ने कहा कि बिल पास न होने से देशभर की महिलाएं निराश हैं और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।
मनोज तिवारी ने भी विपक्षी दलों—कांग्रेस, आप, टीएमसी, सपा और डीएमके—पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं को चुनौती दी है और इसका जवाब देश की महिलाएं देंगी।
गौरतलब है कि लोकसभा में पेश 131वां संशोधन विधेयक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। इसके पक्ष में जरूरी 352 वोट नहीं मिल पाए, जबकि 230 वोट इसके खिलाफ पड़े। इस मुद्दे को लेकर संसद के अंदर और बाहर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
इसी बीच, नोएडा में श्रमिक आंदोलन के दौरान हिंसा के मामले में वांछित आरोपी आदित्य आनंद को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
विज्ञापन