: GAZA के एक्शन का दिल्ली में रिएक्शन? Israeli दूतावास के पास धमाका।
admin Wed, Dec 27, 2023
हमास के हमले के बाद इजरायल लगातार गाजा में एयरस्ट्राइक कर रहा है। इजरायल के इस एक्शन का असर दुनियाभर में देखा जा रहा है। ईरान, तुर्की और पाकिस्तान सहित तमाम मुस्लिम देशों ने इजरायल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
सभी इजरायल से बमबारी तत्काल रोकने की मांग कर रहे हैं। इतना ही नहीं ईरान समर्थित संगठन हिज्बुल्ला और हूती विद्रोही भी इजरायल पर रुक-रुककर हवाई हमले कर रहे हैं।
इजरायल और हमास के बीच जारी जंग का असर समुद्री व्यापार पर दिख रहा है और अब हमास समर्थित संगठन समुद्री जहाजों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मची इस उथल-पुथल के बीच नई दिल्ली में इजरायली दूतावास के पीछे खाली पड़े प्लॉट में मंगलवार को एक धमाका हुआ है।
इस ब्लास्ट में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन पुलिस को धमाके वाली जगह के आसपास एक लेटर मिला है, जिसमें चौंकाने वाली बातें लिखी हुई हैं। एक पेज की इस चिट्ठी में इजरायल को लेकर आक्रोश जाहिर किया गया है। लेटर के बारे में आगे बताने से पहले आपको बताते हैं कि मंगलवार को किस तरह इजरायली दूतावास के बाहर ये ब्लास्ट हुआ।
स्पेशल सेल के साथ पहुंचा बम निरोधक दस्ता
दिल्ली में इजरायल की एंबेसी बेहद हाई प्रोफाइल इलाके चाणक्यपुरी में स्थित है। इस बेहद संवेदनशील इलाके में मंगलवार की शाम करीब 5.10 बजे इजरायली एंबेसी के पीछे एक खाली प्लॉट में जोरदार धमाका हुआ। आसपास के कई लोगों ने इस धमाके की आवाज सुनी।
इस बीच शाम 6 बजे दिल्ली के फायर सर्विस डिपार्टमेंट के पास एक अज्ञात शख्स ने फोन किया और इस विस्फोट की जानकारी दी। मामला इजरायली दूतावास से जुड़ा होने के कारण दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की एक टीम तुरंत बम निरोधक दस्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई।
विज्ञापन