: ट्रैक्टरों से हुआ रिहर्सल, गुपचुप तरीके से PM, गृह मंत्री का आवास घेर सकते हैं प्रदर्शनकारी किसान।
admin Sun, Feb 11, 2024
नई दिल्ली
पंजाब और हरियाणा के करीब 23 किसान संगठनों ने एमएसपी पर कानून गारंटी और एमएस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर 13 फरवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया है।
उससे पहले किसानों के आंदोलन को लेकर एक खुफिया रिपोर्टउ सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इस प्रोटेस्ट के लिए कई महीने पहले से तैयारी शुरू हो चुकी थी।
रिपोर्ट की मानें तो किसान ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए 40 रिहर्सल (हरियाणा में 10 और पंजाब में 30) कर चुके हैं।
सबसे ज्यादा पंजाब के गुरुदासपुर में 15 ट्रैक्टर मार्च रिहर्सल हुए हैं। आंदोलन के लिए 15 से 20 हजार किसान 2000-2500 ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली कूच कर सकते हैं।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल और कर्नाटक से भी किसानों के राष्ट्रीय राजधानी की ओर आने की बात खुफिया रिपोर्ट में कही गई है। इस आंदोलन को लेकर किसान संगठन 100 से ज्यादा बैठकें कर चुके हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि असमाजिक तत्व इस आंदोलन का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं और इसमें शामिल होकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ सकते हैं।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के आसपास के राज्यों से किसान कार, बाइक, मेट्रो, रेल, बस से राष्ट्रीय राजधानी में आ सकते हैं।
इंटेल रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ किसान गुपचुप तरीके से पीएम, गृहमंत्री, कृषि मंत्री और बीजेपी के बड़े नेताओं के घर के बाहर डेरा डाल सकते हैं।
दिल्ली में घुसने के लिए बच्चों और महिलाओं को आगे कर सकते हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर निगरानी की जरूरत है।
दिल्ली की सीमाओं पर मजबूत बैरिकेडिंग और अंदर भी कड़ी सुरक्षा की जरूरत है।
विज्ञापन