राज्यसभा में NDA मजबूत : राघव चड्ढा समेत 7 सांसद BJP में शामिल
Munesh Kumar Shukla Mon, Apr 27, 2026
आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए राघव चड्ढा समेत सात सांसदों ने सोमवार (27 अप्रैल) को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन सांसदों के शामिल होने से राज्यसभा में बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का संख्याबल बढ़कर 148 पहुंच गया है, जबकि AAP के पास अब केवल तीन सांसद ही शेष रह गए हैं।
राज्यसभा सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर सातों सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इस विलय को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी भाजपा संसदीय दल का हिस्सा बन गए हैं।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इस घटनाक्रम पर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी नेता संजय सिंह ने राज्यसभा सभापति से मांग की कि पार्टी छोड़ने वाले सभी सात सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए विपक्षी नेताओं को दबाव में लाकर पार्टी बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसे उन्होंने लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताया।
इस घटनाक्रम को मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्यसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन की स्थिति और मजबूत हो गई है।
विज्ञापन