राघव चड्ढा : AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाया, अशोक मित्तल को सौंपी जिम्मेदारी
Munesh Kumar Shukla Thu, Apr 2, 2026
आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह पार्टी ने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।
पार्टी द्वारा भेजे गए पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अब सदन में पार्टी की ओर से बोलने का समय राघव चड्ढा को न दिया जाए। राघव चड्ढा वर्ष 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 2028 तक जारी रहेगा।
हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इस फैसले के पीछे की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है। लेकिन राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि राघव चड्ढा लंबे समय से पार्टी से दूरी बनाए हुए थे और AAP से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे।
यह भी ध्यान देने वाली बात है कि 27 फरवरी को जब दिल्ली शराब नीति मामले में निचली अदालत से अरविंद केजरीवाल को राहत मिली थी, तब भी राघव चड्ढा ने कोई बयान नहीं दिया था। हालांकि, राज्यसभा में वे लगातार जनहित से जुड़े मुद्दे जैसे गिग वर्कर्स के अधिकार और स्कूल फीस जैसे विषय उठाते रहे हैं।
विज्ञापन