वीडी सतीशन बने केरल के नए मुख्यमंत्री : 60 साल बाद पूरी कैबिनेट ने साथ ली शपथ
Munesh Kumar Shukla Mon, May 18, 2026
वीडी सतीशन ने सोमवार को केरल के 31वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तिरुवनंतपुरम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सतीशन समेत 20 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
केरल की राजनीति में यह शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक माना जा रहा है। करीब 60 साल बाद ऐसा हुआ है, जब किसी मुख्यमंत्री ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ एक ही दिन शपथ ली। इससे पहले वर्ष 1962 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आर शंकर ने अपनी पूरी मंत्रिपरिषद के साथ शपथ ग्रहण किया था। हालांकि उनकी सरकार 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद गिर गई थी।
समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर तथा कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री समारोह में शामिल हुए।
नई कैबिनेट में 14 विधायकों ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली। इनमें सीपी जॉन, एन शमसुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर, वीई अब्दुल गफूर, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनीश जैसे नाम प्रमुख हैं। नई सरकार में युवाओं और नए चेहरों को प्राथमिकता दिए जाने को कांग्रेस की नई रणनीति माना जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद अपने पास रखे हैं। तिरुवंचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष होंगी।
विधानसभा सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद 22 मई को स्पीकर का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद 29 मई को राज्यपाल का नीतिगत संबोधन प्रस्तावित है। साथ ही, राज्य का नया बजट 5 जून तक पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन