राघव चड्ढा को राज्यसभा में बड़ी जिम्मेदारी : याचिका समिति के अध्यक्ष बनाए गए
Munesh Kumar Shukla Sun, May 24, 2026
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को संसद में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राघव चड्ढा को यह अहम पद मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने समिति के लिए सदन के 10 सदस्यों को नामित किया है। राज्यसभा की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राघव चड्ढा को समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है और यह समिति 20 मई से पुनर्गठित की गई है।
याचिका समिति के अन्य सदस्यों में हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंक कुमार नायक, मस्तान राव यादव बीधा, जेबी माथेर हिशाम, सुभाषिश खुंटिया, रवांग्रा नरजारी और पी. संतोष कुमार शामिल हैं।
राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, याचिका समिति संसद की सबसे पुरानी समितियों में से एक है, जिसकी शुरुआत ब्रिटिश काल में 15 सितंबर 1921 को तत्कालीन काउंसिल ऑफ स्टेट में एक प्रस्ताव के जरिए हुई थी। शुरुआत में समिति का दायरा केवल विधेयकों और उच्च सदन में लंबित मामलों तक सीमित था, लेकिन 1964 में नियमों में संशोधन के बाद आम जनता के हित से जुड़े मामलों पर भी याचिकाएं स्वीकार की जाने लगीं।
गौरतलब है कि राघव चड्ढा हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल ने भी भाजपा का दामन थामा था। इन नेताओं के शामिल होने के बाद राज्यसभा में भाजपा सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई, जबकि आम आदमी पार्टी केवल तीन सदस्यों तक सिमट गई।
विज्ञापन