केरल कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर मंथन तेज : CM चेहरे पर आज दिल्ली में हो सकता है बड़ा फैसला
Munesh Kumar Shukla Fri, May 8, 2026
केरल कांग्रेस में नए नेतृत्व और संभावित मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच शुक्रवार को पार्टी के पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपेंगे। सूत्रों के अनुसार, यह रिपोर्ट दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली में सौंपी जाएगी। पर्यवेक्षकों ने केरल पहुंचकर कांग्रेस विधायकों के साथ सामूहिक बैठक की थी और बाद में सभी विधायकों से अलग-अलग बातचीत भी की। इन्हीं चर्चाओं और रायशुमारी के आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में के. सी. वेणुगोपाल सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 40 से 43 विधायक उनके समर्थन में हैं, जिससे वे विधायकों की पहली पसंद माने जा रहे हैं। हालांकि, उनके नाम पर अंतिम मुहर लगना अभी आसान नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते हैं और पार्टी संगठन में उनकी अहम भूमिका है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या राहुल गांधी उन्हें दिल्ली की राजनीति से हटाकर केरल की जिम्मेदारी देना चाहेंगे।
वहीं अगर किसी कारणवश वेणुगोपाल का नाम आगे नहीं बढ़ता है, तो रमेश चेन्निथला को मुख्यमंत्री पद के लिए एक मजबूत विकल्प माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें 20 से अधिक विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
इसके अलावा वीडी सतीशन का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। बताया जा रहा है कि उन्हें सिर्फ कांग्रेस विधायकों ही नहीं, बल्कि UDF गठबंधन के सहयोगी दलों का भी समर्थन हासिल है। इनमें IUML, केरल कांग्रेस (जोसेफ गुट) और RSP जैसे दल शामिल हैं। सहयोगी दलों का मानना है कि विपक्ष के नेता के रूप में सतीशन ने जमीनी स्तर पर प्रभावी काम किया है और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाई है। साथ ही, सहयोगी दल इस पक्ष में हैं कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसी मौजूदा विधायक को ही चुना जाना चाहिए।
अब सभी की नजर कांग्रेस हाईकमान पर टिकी हुई है, क्योंकि पार्टी नेतृत्व केरल में नए चेहरे और सत्ता संतुलन को लेकर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है।
विज्ञापन