बांकीपुर उपचुनाव में उतरेगी जन सूरज पार्टी : प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पर बढ़ी चर्चा
Munesh Kumar Shukla Wed, May 27, 2026
जन सूरज पार्टी (JSP) ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उतरने का फैसला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनाव मैदान में उतरें।
बांकीपुर विधानसभा सीट उस समय खाली हुई थी जब भाजपा नेता नितिन नबीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है।
प्रशांत किशोर ने भी संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी ने इस सीट से चुनाव लड़ने का “सैद्धांतिक फैसला” कर लिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे स्वयं उम्मीदवार होंगे, तो उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम निर्णय पार्टी ही करेगी।
गौरतलब है कि 2025 बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भी प्रशांत किशोर से चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछे गए थे, लेकिन उस समय उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था। हालांकि इस बार राजनीतिक परिस्थितियां अलग मानी जा रही हैं और ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
विज्ञापन