लिएंडर पेस ने थामा बीजेपी का दामन : बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 31, 2026
भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस कदम ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे।
लिएंडर पेस का भाजपा में शामिल होना राज्य की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मौजूदा समय में पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपनी रणनीतियों को मजबूत करने में जुटे हैं।
इस मौके पर किरण रिजिजू ने कहा कि पेस का भाजपा परिवार में शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में खेल और खिलाड़ियों को मिले बढ़ावे की भी सराहना की।
वहीं, लिएंडर पेस ने इसे अपने जीवन का खास दिन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नबीन का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए देश के युवाओं और खेल के क्षेत्र में योगदान देने का नया अवसर है।
गौरतलब है कि लिएंडर पेस भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने देश के लिए ओलंपिक पदक जीतने के साथ कई ग्रैंड स्लैम खिताब भी अपने नाम किए हैं। अब वह राजनीति के मैदान में नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।
अपने लंबे खेल करियर को याद करते हुए पेस ने कहा कि उन्होंने 40 साल देश के लिए खेला है और अब युवाओं की सेवा करने का समय है। साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार की खेल योजनाओं जैसे खेलो इंडिया और टॉप्स स्कीम की भी जमकर तारीफ की।
विज्ञापन