केसी त्यागी : केसी त्यागी ने बदला सियासी ठिकाना: बेटे अम्बरीष के साथ रालोद में शामिल
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 22, 2026
जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने अपने बेटे अम्बरीष त्यागी के साथ राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) का दामन थाम लिया है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं को औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई, जिससे संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया है।
केसी त्यागी लंबे समय से सक्रिय राजनीति में रहे हैं और जेडीयू के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे। ऐसे में उनके अनुभव का फायदा रालोद को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अम्बरीष त्यागी के शामिल होने से युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत होने की संभावना है।
दरअसल, केसी त्यागी के रालोद में जाने की चर्चा पिछले कई दिनों से चल रही थी। 16 मार्च को उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने जेडीयू के सदस्यता अभियान के तहत अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है, जिसके बाद से उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
इससे पहले 9 जनवरी को केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की थी। इस बयान के बाद जेडीयू की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई थी और पार्टी ने उनकी स्थिति पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद से ही उनके और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ती नजर आ रही थी।
गौरतलब है कि केसी त्यागी जेडीयू के गठन के समय से ही अहम भूमिका में रहे हैं। 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय के दौरान वे जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ पार्टी के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। अब उनका रालोद में शामिल होना एक बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन