ममता बनर्जी : ममता बनर्जी ने उठाए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल
Munesh Kumar Shukla Tue, May 5, 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की राह साफ कर ली है। भाजपा ने 206 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई। इसके अलावा कांग्रेस और सीपीएम को 2-2 सीटें मिलीं, वहीं हुमायूं कबीर की पार्टी भी 2 सीट जीतने में सफल रही।
नतीजों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की जीत को “चुनावी लूट” करार दिया और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाई और उनके एजेंटों को काउंटिंग सेंटर में प्रवेश तक नहीं दिया गया।
हालांकि, दूसरी ओर टीएमसी के कई नेताओं ने जनता के जनादेश को स्वीकार किया। सायोनी घोष ने सोशल मीडिया पर कहा कि वे विनम्रता के साथ जनता के फैसले का सम्मान करती हैं और आगे भी ‘मां, माटी और मानुष’ के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। वहीं महुआ मोइत्रा ने भी ट्वीट कर कहा कि जनता की इच्छा सर्वोपरि है और पार्टी लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इसी बीच ममता बनर्जी मंगलवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली हैं, जिसमें अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे। भवानीपुर सीट पर हार के बाद ममता ने चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे राज्य की राजनीति और अधिक गरमा गई है।
विज्ञापन