बिहार : 8 मार्च को JDU जॉइन करेंगे नीतीश के बेटे निशांत
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
बिहार की राजनीति में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। माना जा रहा है कि इसी के साथ निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार 8 मार्च को आयोजित एक कार्यक्रम में निशांत कुमार जेडीयू में शामिल होंगे। जेडीयू के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का लंबे समय से मानना था कि निशांत कुमार को राजनीति में आकर पार्टी को नई दिशा देनी चाहिए। अब उनके राजनीति में आने से पार्टी में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।निशांत कुमार अब तक सार्वजनिक जीवन से काफी हद तक दूर रहे हैं। वे पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताए जाते हैं और लंबे समय से राजनीति से दूरी बनाए हुए थे। हालांकि पिछले कुछ समय से उनके राजनीति में आने की चर्चा लगातार तेज हो रही थी। अब 8 मार्च को जेडीयू में शामिल होने की खबर ने इन चर्चाओं को और भी मजबूत कर दिया है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की एंट्री बिहार की राजनीति में एक नई शुरुआत मानी जा सकती है। इससे जेडीयू में नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संकेत भी मिल सकता है।यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम को जेडीयू के भविष्य के नेतृत्व से जोड़कर भी देखा जा रहा है।हालांकि पार्टी की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जेडीयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार को कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी। लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में उनकी भूमिका पार्टी और बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण हो सकती है।
विज्ञापन