जयपुर से अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला : बोले—एजेंसियों का हो रहा राजनीतिक इस्तेमाल
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 11, 2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिवसीय दौरे पर जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय जनता पार्टी किसी मुद्दे पर घिरती है या हार की स्थिति में होती है, तो वह संवैधानिक संस्थाओं का सहारा लेकर विपक्ष को निशाना बनाती है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उनके मुताबिक, इन एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने और उन्हें डराने की कोशिश की जाती है, लेकिन अब जनता के बीच यह रणनीति उजागर हो चुकी है।
सपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि भाजपा ने बड़े स्तर पर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए फार्म-7 भरवाकर समाजवादी पार्टी के वोट कटवाने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के नाम से भी साइन किए गए, जो खुद हस्ताक्षर करने में सक्षम नहीं हैं। इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जयपुर पहुंचने पर अखिलेश यादव ने शहर की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसे देश के लिए मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इस दौरे के जरिए अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।
विज्ञापन