स्वाति मालीवाल का इस्तीफा : अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 25, 2026
आम आदमी पार्टी (AAP) में अंदरूनी संकट गहराता जा रहा है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पार्टी नेतृत्व और कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी है।
अपने बयान में मालीवाल ने कहा कि उन्होंने 2006 में नौकरी छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुना था और आरटीआई आंदोलन, अन्ना आंदोलन, AAP के गठन तथा दिल्ली महिला आयोग में लंबे समय तक पूरी ईमानदारी से काम किया। लेकिन अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक चुकी है।
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके इशारे पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। साथ ही, आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने और उन्हें पद देने की कोशिश की गई, जबकि उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ा।
मालीवाल ने पार्टी में बढ़ते भ्रष्टाचार, महिलाओं के उत्पीड़न और गुंडा तत्वों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों को भी इस्तीफे का कारण बताया। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में पार्टी में बने रहना संभव नहीं है।
इसी बीच, राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत AAP के सात राज्यसभा सांसदों ने भाजपा में विलय का ऐलान कर दिया है। इस घटनाक्रम से पार्टी को बड़ा झटका लगा है और राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
विज्ञापन