बारामती उपचुनाव : बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार की रिकॉर्ड जीत, विपक्ष हुआ बुरी तरह साफ
Munesh Kumar Shukla Mon, May 4, 2026
महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने दो लाख से अधिक वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ उन्होंने राज्य में सबसे बड़े अंतर से चुनाव जीतने के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
इस चुनाव में कुल 22 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन कोई भी प्रमुख पार्टी का उम्मीदवार नहीं होने के कारण मुकाबला एकतरफा हो गया। नतीजतन, अधिकांश विपक्षी उम्मीदवार बेहद कम वोटों तक सिमट गए—किसी को 40 के आसपास तो किसी को 50 से भी कम वोट मिले।
न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रोफेसर आर.वाई. गुटुकडे सर दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन उन्हें भी सिर्फ 935 वोट ही मिल सके। वहीं 774 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना, जो 21 उम्मीदवारों को मिले वोटों से भी ज्यादा रहा। निर्दलीय उम्मीदवार विराज महादेव शिंदे 533 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे।
चौंकाने वाली बात यह रही कि 11 उम्मीदवार ऐसे थे, जिन्हें 100 वोट भी नहीं मिल सके। कई उम्मीदवारों को 50 से भी कम वोट मिले, जिससे चुनाव में प्रतिस्पर्धा की कमी साफ नजर आई।
इसी के साथ महाराष्ट्र में हुए दोनों उपचुनावों में महायुति गठबंधन ने जीत हासिल की। बारामती के अलावा राहुरी सीट पर भाजपा के अक्षय शिवाजीराव करढिले ने 1.12 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने कुल 1,40,093 वोट हासिल किए, जबकि एनसीपी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार मोकाते गोविंद खांडू दूसरे स्थान पर रहे।
विज्ञापन