तमिलनाडु में ‘विजय लहर’ : TVK के उभार ने हिलाया द्रविड़ राजनीति का किला
Munesh Kumar Shukla Mon, May 4, 2026
तमिलनाडु की राजनीति में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब थलापति विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। इस अप्रत्याशित उभार ने दशकों से राज्य की राजनीति पर हावी द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के प्रभुत्व को कड़ी चुनौती दी है।
राजनीतिक विश्लेषक इस बदलाव की तुलना अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी के उभार से कर रहे हैं। जिस तरह AAP ने 2013 में दिल्ली में अपनी पहली सरकार बनाई और 2015 में 70 में से 67 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, उसी तरह TVK भी तमिलनाडु में नई राजनीति का संकेत दे रही है।
मतगणना के दौरान TVK 234 में से 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर सरकार गठन के करीब पहुंचती दिखी। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पार्टी का गठन महज दो वर्ष पहले हुआ था और इतनी कम अवधि में इस स्तर का जनसमर्थन मिलना अभूतपूर्व है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह जनादेश पारंपरिक राजनीति के खिलाफ बदलाव की मांग को दर्शाता है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि TVK राज्य में सरकार बनाने में सफल होती है या नहीं और तमिलनाडु की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
विज्ञापन