महाराष्ट्र MLC चुनाव का बिगुल! : उद्धव ठाकरे की राह मुश्किल
Munesh Kumar Shukla Fri, Apr 17, 2026
महाराष्ट्र विधानसभा परिषद की नौ सीटें मई 2026 में खाली हो रही हैं, जिसके लिए चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन सीटों के लिए मतदान 12 मई को होगा, जबकि नामांकन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगी। उम्मीदवार 4 मई तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे और मतगणना भी 12 मई को ही शाम 5 बजे के बाद की जाएगी।
इन चुनावों की जरूरत इसलिए पड़ी है क्योंकि 13 मई को नौ विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें प्रमुख नामों में उद्धव ठाकरे, शशिकांत शिंदे और अमोल मिटकरी शामिल हैं।
राजनीतिक समीकरणों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सदस्य हैं, जिनमें भाजपा के पास 132 विधायक, एकनाथ शिंदे गुट के 56 और एनसीपी (अजित पवार गुट) के 41 विधायक हैं। वहीं विपक्षी दलों में शिवसेना (उद्धव गुट) के 21, कांग्रेस के 16 और शरद पवार गुट की एनसीपी के 10 विधायक हैं।
विधानसभा में कम संख्या के चलते विपक्ष के लिए यह चुनाव चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार विपक्षी दल मिलकर भी केवल एक सीट जीतने की स्थिति में हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उद्धव ठाकरे क्या एक बार फिर विधान परिषद पहुंच पाएंगे या नहीं।
यह चुनाव न केवल राज्य की राजनीतिक दिशा तय करेगा, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी इसका बड़ा असर पड़ने की संभावना है।
विज्ञापन