कटक अस्पताल अग्निकांड : ओडिशा विधानसभा में हंगामा, मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 20, 2026
ओडिशा विधानसभा में शुक्रवार को कटक अस्पताल अग्निकांड को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। कटक के एक अस्पताल में आग लगने से 12 मरीजों की मौत के मुद्दे पर विपक्ष पिछले चार दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
विपक्षी विधायक इस घटना के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। शुक्रवार को यह विरोध और तेज हो गया, जब विधानसभा के अंदर जमकर नारेबाजी हुई और माहौल पूरी तरह से गरमा गया।
हंगामे के दौरान कुछ विपक्षी विधायक सभापति के आसन तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए, जिसके चलते सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। स्थिति को काबू में करने के लिए मार्शलों को भी सक्रिय होना पड़ा।
विपक्ष का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से इतनी बड़ी त्रासदी हुई। वहीं, सरकार की ओर से मामले की जांच के आदेश दिए जाने की बात कही गई है।
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और टकराव देखने को मिल सकता है। विपक्ष ने साफ कर दिया है कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
विज्ञापन