अपने ज्योतिषी को बनाया OSD : सीएम बनते ही विजय का बड़ा फैसला
Munesh Kumar Shukla Tue, May 12, 2026
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय एक बार फिर चर्चा में हैं। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद अब उन्होंने अपने निजी ज्योतिषी थिरु रिक्की राधान को मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया है। सरकार ने उनकी नियुक्ति का आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।
राधान पंडित वही ज्योतिषी हैं जिन्होंने चुनाव से पहले विजय की जीत की भविष्यवाणी की थी। तमिलनाडु की राजनीति में उनका लंबे समय से प्रभाव माना जाता रहा है। वह पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के आध्यात्मिक सलाहकार भी रह चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा रही है कि जयललिता कई बड़े फैसलों से पहले उनसे सलाह लिया करती थीं।
बताया जा रहा है कि विजय के शपथ ग्रहण समारोह के समय में भी बदलाव राधान की सलाह पर किया गया। पहले समारोह 10 मई को दोपहर 3:15 बजे तय था, लेकिन बाद में शुभ मुहूर्त का हवाला देते हुए इसे सुबह 10 बजे आयोजित किया गया।
राधान पंडित को तमिलनाडु के कई बड़े नेताओं का करीबी माना जाता है। यहां तक कि यह भी कहा जाता है कि जयललिता ने अपने नाम की स्पेलिंग “J Jayalalitha” से बदलकर “J Jayalalithaa” उनकी सलाह पर की थी।
गौरतलब है कि विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम ने हालिया चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था। बहुमत से कुछ सीटें कम रहने के बाद कांग्रेस और अन्य दलों के समर्थन से विजय ने सरकार बनाई। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने समेत कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है।
विज्ञापन