वानखेड़े में थमा खेल : नम हुई आंखें! IPL मैच से पहले आशा भोसले को खिलाड़ियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Munesh Kumar Shukla Sun, Apr 12, 2026
आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा मैच उस वक्त भावुक हो गया, जब महान गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी गई। मैच शुरू होने से पहले पूरे स्टेडियम में एक मिनट का मौन रखा गया।
दोनों टीमों के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे, जो संगीत जगत की इस महान हस्ती के प्रति सम्मान का प्रतीक था। यह पल दर्शकों के लिए भी बेहद भावुक रहा और स्टेडियम में एक अलग ही माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और चेस्ट इन्फेक्शन के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां मल्टी-ऑर्गन फेल होने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। आठ दशकों के अपने करियर में उन्होंने हजारों सुपरहिट गाने देकर संगीत जगत को समृद्ध किया।
इस मौके पर विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि आशा भोसले की आवाज हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
विज्ञापन