ऋषभ पंत ने युवराज सिंह को दिया खास तोहफा : ‘युवी’ ने मजाक में शिष्यों को लगाई फटकार
Munesh Kumar Shukla Wed, May 6, 2026
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, इस बार अपने शिष्य ऋषभ पंत के खास अंदाज में जताए गए आभार की वजह से। आईपीएल 2026 से पहले युवराज सिंह ने पंत के साथ समय बिताते हुए उनके खेल के मानसिक पहलू पर खास काम किया था, क्योंकि पिछला सीजन पंत के लिए चुनौतीपूर्ण रहा था और वह टी20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह नहीं बना सके थे।
अब पंत ने अपने मेंटर को धन्यवाद देने के लिए एक खास तोहफा भेजा है। उन्होंने युवराज सिंह को एक स्टाइलिश गोल्फ बैग गिफ्ट किया, जो उनके बीच के मजबूत रिश्ते और सम्मान को दर्शाता है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद युवराज सिंह गोल्फ में काफी सक्रिय हो गए हैं और अक्सर इस खेल का आनंद लेते नजर आते हैं, ऐसे में यह गिफ्ट उनके लिए बेहद खास माना जा रहा है।
युवराज सिंह ने इस तोहफे का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने पंत का शुक्रिया अदा किया और गोल्फ बैग पर लिखा संदेश भी दिखाया। उस संदेश में लिखा था—“प्रिय युवी पाजी, आपके सपोर्ट और गाइडेंस के लिए धन्यवाद। गोल्फ कोर्स पर मिलते हैं। प्यार, आरपी।”
हालांकि, युवराज सिंह ने अपने अंदाज में इसमें हल्का-फुल्का मजाक भी जोड़ दिया। उन्होंने अपने अन्य शिष्यों अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, प्रभसिमरन सिंह, नमन धीर, अब्दुल समद और प्रियांश आर्य को मजाकिया लहजे में छेड़ते हुए कहा कि “बेशर्मों, कुछ तो शर्म करो”, क्योंकि उन्होंने पंत जैसा कोई गिफ्ट नहीं दिया था।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
विज्ञापन