उन्नाव : शुक्लागंज में एटीएम चोरी का खुलासा: दो शातिर चोर गिरफ्तार
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
उन्नाव के शुक्लागंज में गंगाघाट पुलिस ने एक हाईप्रोफाइल एटीएम चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 6 मार्च, शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक की शाखा प्रबंधक ने 5 मार्च, 2026 को कोतवाली गंगाघाट में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 3 मार्च की सुबह लगभग चार बजे अज्ञात चोर एटीएम बूथ में घुस आए। आरोपियों ने पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर उसे निष्क्रिय किया और फिर एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर बॉक्स को तोड़कर उसमें रखे 49,500 रुपये चोरी कर लिए।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेहुल (29), पुत्र उमेश चंद्र, निवासी बालाजी वाली गली, शुक्लागंज, उन्नाव, और अरविंद अवस्थी (38), पुत्र रामऔतार, निवासी ग्राम बलहापारा, घाटमपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए उपकरण, जैसे पेचकस, प्लास और 10,200 रुपये नकद बरामद किए। जांच में पता चला कि मेहुल और अरविंद का आपराधिक इतिहास रहा है। मेहुल पर कानपुर नगर और उन्नाव में धोखाधड़ी, चोरी और आईटी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं, जबकि अरविंद अवस्थी पर धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन