पहली बारिश में उखड़ी कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सड़क : NHAI का बड़ा एक्शन; तीन अधिकारी दो साल के लिए बैन
Munesh Kumar Shukla Tue, Jul 28, 2026
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पहली ही बारिश के बाद सड़क की ऊपरी परत उखड़ने और धंसने का मामला सामने आने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद NHAI ने तत्काल संज्ञान लेते हुए न केवल क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई, बल्कि परियोजना की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। इन अधिकारियों को परियोजना से हटाने के साथ-साथ अगले दो वर्षों तक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) और NHAI की किसी भी परियोजना में काम करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-64 के पास सड़क की सतह पर स्लिपेज और बिटुमिनस परत के उखड़ने की शिकायत सामने आई थी। पहली ही बारिश में सड़क की हालत बिगड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे। इसके बाद 26 जुलाई को NHAI और निर्माण एजेंसी की संयुक्त तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि समस्या सड़क की केवल ऊपरी बिटुमिनस परत तक सीमित थी। तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार, लगातार हो रही बारिश, भारी यातायात और सड़क के जोड़ों से पानी के रिसाव के कारण सतह पर स्लिपेज हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि पुल या एक्सप्रेसवे के मुख्य ढांचे, नींव और संरचनात्मक मजबूती पर इसका कोई असर नहीं पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क की मूल संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार का संरचनात्मक खतरा नहीं है।
निरीक्षण के तुरंत बाद NHAI ने क्षतिग्रस्त हिस्से की उखड़ी हुई परत हटाकर नई बिटुमिनस लेयर बिछा दी। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए सड़क के जोड़ों की सीलिंग मजबूत करने और जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था में भी सुधार किया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि मानसून के दौरान सड़क की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त तकनीकी उपाय भी अपनाए जाएंगे।
विज्ञापन