गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : खड़े ट्रक से टकराई बस, 26 यात्री घायल
Munesh Kumar Shukla Tue, May 5, 2026
उत्तर प्रदेश के बदायूं में मंगलवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और 26 लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। लुधियाना से उन्नाव जा रही बस जैसे ही बदायूं बॉर्डर के पास पहुंची, चालक का नियंत्रण हट गया और बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी।
हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बहजोई सीएचसी भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को संभल जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में हरदोई, लखनऊ, उन्नाव और लुधियाना के यात्री शामिल हैं। बस में कुल करीब 65 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण चालक की लापरवाही माना जा रहा है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि समय पर राहत कार्य शुरू होने से बड़ा नुकसान टल गया।
विज्ञापन