उन्नाव : उन्नाव के गौरव प्रताप सिंह ने यूपीएससी में पाई सफलता, ऑल इंडिया 317वीं रैंक हासिल
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 7, 2026
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में उन्नाव जनपद के गौरव प्रताप सिंह ने सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 317वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है तथा लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं। गौरव प्रताप सिंह उन्नाव के सराय मनिहार गांव के निवासी हैं। उनके पिता उदयभान सिंह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। गौरव की एक बड़ी बहन भी है। वह अपने पिता के साथ महाराष्ट्र में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। गौरव ने अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय बालाघाट, मध्य प्रदेश से हाईस्कूल तक पूरी की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई कोटा में रहकर की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी पटना से बीटेक की डिग्री हासिल की। उन्होंने महाराष्ट्र में रहकर ऑनलाइन कोचिंग की मदद से यूपीएससी की तैयारी की।गौरव को अपने चौथे प्रयास में यह सफलता मिली है। इससे पहले वह तीन बार परीक्षा दे चुके थे और पहले तथा तीसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे थे। तीन असफल प्रयासों के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत और सही रणनीति के साथ तैयारी जारी रखी और आखिरकार सफलता प्राप्त की।गौरव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 से यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। कोविड के बाद उनके मन में समाज के लिए कुछ करने की भावना जागी, जिसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी का फैसला किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत को दिया।
विज्ञापन