उन्नाव : महेश सिंह की पेशी को लेकर हाई अलर्ट, कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा
Munesh Kumar Shukla Tue, Feb 24, 2026
राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल में आरोपी महेश सिंह को मंगलवार को उन्नाव जिला न्यायालय में पेश किया जाना है। उसकी पेशी एसीजेएम प्रथम की अदालत में निर्धारित की गई है। गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित महेश सिंह को दिल्ली से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्नाव लाया गया।पेशी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। दिल्ली पुलिस की विशेष टीम सोमवार देर रात आरोपी को लेकर उन्नाव पहुंची। सुरक्षा कारणों से उसे फिलहाल सदर कोतवाली में रखा गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।कोतवाली परिसर में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन चेकिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, न्यायालय परिसर में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो।पुलिस सूत्रों के अनुसार, महेश सिंह के खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई के सिलसिले में उसे उन्नाव लाया गया है। उसकी संवेदनशील पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता। अधिकारियों का कहना है कि पेशी की पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न कराई जाएगी।
विज्ञापन