उन्नाव : उन्नाव में पुलिस प्रशासन का बड़ा फेरबदल 11 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों का तत्काल स्थानांतरण
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 1, 2026
उन्नाव पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जनहित और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 11 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने नवीन तैनाती स्थलों पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम कार्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।जारी आदेश के अनुसार, सीतापुर से आए उपनिरीक्षक अतुल वर्मा को उन्नाव सदर कोतवाली के अंतर्गत सदर चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर निरीक्षक राकेश कुमार को थाना बेहटामुजावर से हटाकर अतिरिक्त निरीक्षक, थाना बांगरमऊ के पद पर तैनात किया गया है।अन्य स्थानांतरणों में उपनिरीक्षक अतुल कुमार वर्मा को पुलिस लाइन से चौकी प्रभारी सदर, थाना कोतवाली में भेजा गया है। उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा को पुलिस लाइन से थाना बेहटामुजावर में तैनाती दी गई है, जबकि उपनिरीक्षक साधुरण को थाना अचलगंज भेजा गया है। इसी प्रकार उपनिरीक्षक अंसार हुसैन रिजवी को थाना बांगरमऊ और उपनिरीक्षक महताब सिंह को थाना बारासगवर में नियुक्त किया गया है।इसके अतिरिक्त, उपनिरीक्षक शिव बहादुर राव को पुलिस लाइन से थाना बीघापुर भेजा गया है। उपनिरीक्षक मो. आरिफ को थाना कोतवाली, उपनिरीक्षक रमेश सिंह सागर को थाना पुरवा तथा उपनिरीक्षक विद्या सागर शुक्ल को थाना गंगाघाट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक अंजनी कुमार सिंह को थाना अचलगंज से हटाकर पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये तबादले पूरी तरह से प्रशासनिक हित और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से किए गए हैं। विशेष रूप से आगामी होली पर्व को देखते हुए संवेदनशील इलाकों और प्रमुख थानों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से सख्ती और तत्परता से निपटा जा सके। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से पुलिसिंग व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
विज्ञापन