उन्नाव : पैसे न देने पर मां की रॉड से हत्या
Munesh Kumar Shukla Sun, Feb 8, 2026
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंजा खेड़ा गांव में बीते शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना हुई। शांति देवी पत्नी रामकुमार घर के बाहर मंजन कर रही थीं, तभी उनके छोटे बेटे राजन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली कहासुनी देखते ही देखते ताबड़तोड़ बहस में बदल गई और गुस्से में आकर राजन ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाकर मां के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले के तुरंत बाद शांति देवी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ीं और सिर पर गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के बड़े बेटे राजेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने राजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपी वारदात के बाद फरार था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर शनिवार को आरोपी राजन को आजाद मार्ग पर बदरका चौराहे से मरहला जाने वाले रास्ते पर बाबाकुटी के पास गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कंजा खेड़ा आजाद मार्ग कट के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की।
विज्ञापन