उन्नाव म : वृद्ध किसान की जहरीला पदार्थ खाने से मौत,अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 7, 2026
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक वृद्ध किसान की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। परिवार के लोगों ने उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बाद में परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को वापस घर ले आए।
यह मामला जारुल्लानगर गांव का है। मृतक की पहचान लगभग 60 वर्षीय बेचेलाल के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय सीताराम के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि किसी बात से नाराज होकर उन्होंने शनिवार शाम करीब पांच बजे घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।
जहरीला पदार्थ खाने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तुरंत मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर दिनेश कुमार ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल ले जा पाते, उससे पहले ही रास्ते में शाम लगभग 6:15 बजे उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी फूलकुमारी हैं। उनके चार बेटियां सुनीता, सोने श्री, सुमन और गोल्डी तथा एक बेटा अनूप है। बताया जा रहा है कि उनके सभी बच्चों का विवाह हो चुका है।
विज्ञापन