उन्नाव : उन्नाव में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया ‘मिशन-5’ का शुभारंभ
Munesh Kumar Shukla Tue, Feb 24, 2026
उन्नाव में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया ‘मिशन-5’ का शुभारंभउन्नाव।उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन विभाग के मंत्री व जनपद उन्नाव के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी की उपस्थिति रही।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने जनपद में संचालित विकास कार्यों तथा पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग के ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिलाधिकारी द्वारा किए गए अभिनव प्रयास “मिशन-5” का शुभारंभ भी किया। मिशन-5 के तहत किए गए नवाचारों को स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसकी मंत्री ने सराहना करते हुए इसे जनपद के लिए अद्वितीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार होगा।मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आवंटित बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 15 मई तक नई कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। त्योहारों को देखते हुए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने, तथा विद्युत आपूर्ति बाधित न होने के निर्देश अधीक्षण अभियंता विद्युत को दिए गए। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था सुनिश्चित करने और खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने पर भी जोर दिया गया।निराश्रित गोवंश संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए गए। साथ ही छुट्टा पशुओं को गौशालाओं में संरक्षित करने, गोचर भूमि को कब्जामुक्त कर हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बकरी पालन योजना का अधिकाधिक लाभ पशुपालकों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।पीडब्ल्यूडी को नई सड़कों के शीघ्र उद्घाटन और अधूरे निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से आवास उपलब्ध कराने तथा अधूरे आवास शीघ्र पूर्ण कराने पर बल दिया गया। आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।आगामी फसल कटाई के मद्देनजर अग्निशमन विभाग को सक्रिय रहने तथा टोल-फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए गए। राशन दुकानों के निलंबन मामलों का शीघ्र निस्तारण कर आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्राम सभाओं को प्राप्त धनराशि विकास कार्यों में व्यय करने तथा स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश जिला पंचायती राज अधिकारी को दिए गए।श्रमिकों को पर्याप्त कार्य और समय पर पारिश्रमिक उपलब्ध कराने, युवाओं को करियर काउंसलिंग से जोड़ने तथा इंटर व डिग्री कॉलेजों में रोजगारपरक मार्गदर्शन कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। उद्योग विभाग को निवेशकों को बिजली, सड़क व सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने को कहा गया।कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने हत्या, लूट, चोरी व डकैती जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा साइबर अपराध पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर जनपद को स्मार्ट बनाने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया।बैठक से पूर्व निरीक्षण भवन में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला समन्वय समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, विधायक सदर पंकज गुप्ता, विधायक बांगरमऊ श्रीकांत कटियार, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन