अंपायर मानिक : अंपायर मानिक की पत्नी बोलीं- KCA मदद करे
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 21, 2026
राज्य क्रिकेट संघ (KCA) से जुड़े वरिष्ठ अंपायर और क्रिकेट प्रेमी मानिक गुप्ता का निधन मधुमक्खियों के काटने से हो गया। उनके अचानक निधन ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया है। मानिक गुप्ता के परिवार में पत्नी कुसुमलता और चार बेटियां हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी समृद्धि अभी 18 साल की है और B.Sc कर रही है। कुसुमलता ने बताया कि मानिक हमेशा अपनी छोटी बेटी को सरकारी नौकरी करते देखना चाहते थे। परिवार की आर्थिक और भावनात्मक स्थिति को लेकर पत्नी ने रोते हुए कहा कि अब उनके पास कोई सहारा नहीं बचा है।कुसुमलता ने बताया, “अब यह दिन देखना था कि मेरी बेटी ने बेटे का फर्ज निभाया। हमारे घर का सहारा, मानिक ही थे। उनकी कमाई से ही घर चलता था। अब मेरी पूरी जिंदगी बदल गई। वह जब 19 साल के थे तभी से KCA में जुड़े थे। पहले खेलते थे, फिर अंपायरिंग करते थे। यही उनके परिवार का आधार था। अब मैं बस यही चाहती हूं कि हमारी मदद की जाए ताकि मेरी बेटी अपने सपने पूरे कर सके।”बड़ी बेटी प्रियंका ने भी परिवार की मुश्किलें साझा कीं। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमें आर्थिक मदद मिले। अब घर में केवल मेरी छोटी बहन और मां हैं। KCA और UPCA यानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से मदद मिलनी चाहिए। अगर समय पर सही इलाज मिलता तो शायद पापा बच जाते। अब हमारी बहन और मां का कोई सहारा नहीं बचा।”मानिक गुप्ता को अस्पताल ले जाने वाले राहुल सप्रु ने बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि मानिक को मधुमक्खियों ने काटा है, वह तुरंत पहुंचे और अपनी गाड़ी से उन्हें शुक्लागंज के दो अस्पतालों में ले गए। वहां बताया गया कि एंटी डोज उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उन्हें सीधे हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।राहुल सप्रु ने कहा, “हमने मदद के लिए KCA के अधिकारियों को सूचित किया। सभी अधिकारी अस्पताल पहुंच गए थे। हम लोग उनके परिवार के लिए कुछ जरूर करेंगे। मैंने प्रस्ताव रखा है कि एक श्रद्धांजलि मैच आयोजित किया जाए। जो भी राशि एकत्र होगी, उसके साथ ही सहयोग की राशि उनके परिवार को दी जाएगी। इस राशि से उनकी छोटी बेटी की पढ़ाई और भविष्य की शादी में मदद की जाएगी।”मानिक गुप्ता का क्रिकेट में योगदान और उनके परिवार के लिए उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन ने न केवल परिवार को बल्कि क्रिकेट समुदाय को भी स्तब्ध कर दिया है। परिवार ने KCA और UPCA से तत्काल सहायता की अपील की है, ताकि उनकी छोटी बेटी समृद्धि अपने सपनों को पूरा कर सके।क्रिकेट जगत के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और उन्होंने कहा कि इस तरह के दुखद घटनाओं में खिलाड़ियों और उनके परिवार की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। आगामी सप्ताह में उनके सम्मान में आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि मैच से एकत्र राशि का उपयोग परिवार की आर्थिक सुरक्षा और समृद्धि की पढ़ाई में किया जाएगा।
विज्ञापन