उन्नाव : यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से, प्रशासन सख्त
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 14, 2026
उन्नाव में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित एक बैठक में जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएं।किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे देखा जा सके। प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को डबल लॉक में सुरक्षित रखने तथा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने ऐसे केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षाएं समय पर शुरू हों और समय पर समाप्त हों। परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी पर प्रतिबंध रहेगा और परीक्षार्थियों को मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
विज्ञापन