हाईकोर्ट : हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन:पूरा थाना स्टाफ होगा ट्रांसफर,SDO को राहत
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 14, 2026
हरादून के विकासनगर में अवैध खनन से जुड़े एक मामले में हाईकोर्ट ने बड़ा हस्तक्षेप करते हुए वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल को राहत दी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ को बदलने के निर्देश दिए हैं, साथ ही एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने वाले अधिकारी को निलंबित करने का आदेश भी दिया है।
मामला 27 फरवरी का है। उस दिन एसडीओ राजीव नयन नौटियाल ऑफिस से अपने घर लौट रहे थे। यमुना पुल पार करते समय उन्होंने नदी में अवैध खनन होते देखा। उन्होंने डंपर का वीडियो बनाना शुरू किया, तभी खनन में शामिल कुछ लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि खनन से जुड़े लोगों ने एसडीओ के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने विकासनगर कोतवाली में क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई। एसडीओ ने इस मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान अदालत में एक वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें कथित खनन माफिया के लोग वन अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने एसडीओ की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए पुलिस महानिदेशक और देहरादून के एसएसपी को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसएचओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को तय की गई है।
इधर, अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के वायरल होने के बाद हरिद्वार में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर खनन से जुड़े लेन-देन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बातचीत सामने आई थी। इस मामले में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्राथमिक जांच के आधार पर झबरेड़ा की इकबालपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
विज्ञापन