अर्जुन प्री-वेडिंग फंक्शन : मुकेश अंबानी के जामनगर वाले घर पर इवेंट हुआ
Munesh Kumar Shukla Fri, Feb 27, 2026
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के प्री-वेडिंग फंक्शन की शुरुआत गुजरात के जामनगर में हो गई है। समारोह की मेजबानी अंबानी परिवार के आवास पर की गई, जहां तेंदुलकर और अंबानी परिवार के सदस्य पारंपरिक देसी अंदाज में नजर आए।इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर ने माइक संभालकर बेटे के लिए भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा, “अर्जुन, मुझे तुम पर बहुत गर्व है। जब कोई बेटा किसी लड़की को घर लाकर उसका परिचय कराता है, तब पिता समझ जाता है कि बेटा अब बड़ा हो गया है।” उन्होंने आगे कहा कि अर्जुन और सानिया एक-दूसरे के साथ बेहद खुश और प्यार में डूबे हुए नजर आते हैं। “अर्जुन, तुम्हें ऐसा जीवनसाथी मिला है, जो तुमसे उतना ही प्यार करता है, जितना तुम उससे करते हो,” सचिन ने भावुक अंदाज में कहा।अर्जुन और सानिया की शादी 5 मार्च को मुंबई में होने वाली है। दोनों ने अगस्त 2025 में सगाई की थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं और अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी दोस्त भी बताई जाती हैं।प्री-वेडिंग फंक्शन में पारंपरिक संगीत, नृत्य और पारिवारिक रस्मों का आयोजन किया गया। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों परिवारों के बीच गर्मजोशी और खुशी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है।
इस शाही अंदाज में शुरू हुए समारोह ने क्रिकेट और उद्योग जगत के कई चर्चित चेहरों को एक मंच पर ला दिया है। अब सभी की नजरें 5 मार्च को मुंबई में होने वाली भव्य शादी पर टिकी हैं।
विज्ञापन