लखनऊ : लखनऊ में चुनावी रंग में रंगी होली, मोदी-योगी छाप पिचकारियों की धूम
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 28, 2026
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से करीब एक वर्ष पहले होली का त्योहार राजनीतिक रंग में रंगता नजर आ रहा है। राजधानी लखनऊ के बाजारों में इस बार पारंपरिक रंग-गुलाल के साथ चुनावी थीम वाली पिचकारियों और अन्य उत्पादों की खास मांग देखी जा रही है। दुकानों पर मोदी-योगी छाप और धनुष-बाण छाप पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, जिन्हें बच्चे और युवा खास पसंद कर रहे हैं।कई पिचकारियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ ‘हिंदुस्तान की बोली - घर-घर होली’ जैसे नारे छपे हुए हैं। कुछ पिचकारियों में त्रिशूल, कुल्हाड़ी, हथौड़ा और साइकिल जैसे डिजाइन भी शामिल हैं, जो अलग-अलग राजनीतिक प्रतीकों की झलक दिखाते हैं। इसके अलावा बाजार में ऐसी सफेद टी-शर्ट भी उपलब्ध हैं, जो पानी पड़ते ही रंगीन हो जाती हैं, जिससे युवाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।होली के अवसर पर सराफा बाजार भी गुलजार है। चांदी से बनी पिचकारी, बाल गोपाल की प्रतिमा, काजू कतली और लड्डू जैसी वस्तुएं ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इस बार त्योहार पर दिवाली जैसा माहौल बनाने के लिए रंगीन गुलाल वाले पटाखे भी बाजार में आए हैं।कुंडल अनार, 5 से 16 शॉट वाले शॉट पटाखे और तीन फ्लेवर वाले आइस मिस्ट पटाखे भी बिक्री में आगे हैं। वैनिला, स्ट्रॉबेरी और चॉकलेट रंग के साथ खुशबू छोड़ने वाले ये पटाखे बच्चों और युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं।त्योहार और चुनावी माहौल के मेल से बाजार में रौनक बढ़ गई है, जिससे व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
विज्ञापन