स्पाइसजेट विमान : इंजन फेल होने से स्पाइसजेट विमान की आपात लैंडिंग, 150 यात्री सुरक्षित
Munesh Kumar Shukla Tue, Feb 24, 2026
राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान का इंजन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हवा में फेल हो गया। विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। तकनीकी खराबी का संकेत मिलते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को तुरंत वापस दिल्ली मोड़ने का फैसला किया।जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लेह जा रही फ्लाइट SG121 ने जैसे ही उड़ान भरी और रफ्तार पकड़नी शुरू की, तभी एक इंजन में खराबी आ गई। अचानक आई इस स्थिति से विमान के भीतर दहशत फैल गई। यात्रियों ने बताया कि कुछ क्षणों के लिए माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया था। हर पल भारी लग रहा था, जबकि विमान पूरी तरह पायलटों के कौशल पर निर्भर था।सूत्रों के मुताबिक, विमान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डे पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की तैयारी की गई और मेडिकल व फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात कर दी गईं।एयरलाइन के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि तकनीकी दिक्कत के चलते विमान को एहतियातन दिल्ली वापस लाया गया। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्रियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत उतार लिया गया। आगे की जांच के लिए मेंटेनेंस टीम द्वारा विमान का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा।इस बीच, स्पाइसजेट ने हाल ही में अपने बेड़े के विस्तार की योजना की घोषणा की है। एयरलाइन वेट और डैम्प लीज़ के संयोजन के जरिए अपने फ्लीट को लगभग 60 विमानों तक बढ़ाने पर काम कर रही है, साथ ही ग्राउंडेड विमानों को चरणबद्ध तरीके से सेवा में लौटाया जा रहा है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का घरेलू बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 4.3 प्रतिशत हो गई है।
विज्ञापन