दिक्षिता खटीक : टेंपो चालक की बेटी दिक्षिता खटीक ने 10वीं में 96.17% अंक हासिल कर रचा प्रेरणा का नया उदाहरण
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 25, 2026
दिक्षिता खटीक ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96.17 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। राजकीय अग्रसेन कुमारी बालिका विद्यालय की इस छात्रा की उपलब्धि ने सभी को प्रेरित किया है।
दिक्षिता एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता तेज प्रकाश खटीक किराए का टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां मंजू खटीक गृहिणी होने के साथ सिलाई का काम कर घर की आर्थिक मदद करती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटियों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
दिक्षिता ने भी अपने परिवार के संघर्ष को समझते हुए पढ़ाई को अपनी प्राथमिकता बनाया और पूरी मेहनत के साथ यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का उदाहरण बन गई है।
इसी बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सलूंबर जिले ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस वर्ष जिले का कुल परिणाम 91.26% रहा, जो पिछले साल के 88.61% से 2.65% अधिक है।
इस बार एक खास बात यह भी रही कि 10वीं का परिणाम मार्च महीने में 12वीं से पहले घोषित किया गया, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।
जिले से कुल 9394 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9052 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 4294 छात्र और 4758 छात्राएं थीं, जिन्होंने इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विज्ञापन